पार्षद के घर के सामने रुका विकास:- धनपुरी के वार्ड-22 में फूटा जनता का गुस्सा, चक्का जाम की चेतावनी...
शहडोल। शहडोल जिले की धनपुरी नगरपालिका एक बार फिर अव्यवस्थाओं और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर सुर्खियों में है। इस बार मामला वार्ड क्रमांक 22 का है, जहां महीनों से बंद पड़े नाली और कल्वर्ट निर्माण ने लोगों का सब्र तोड़ दिया। हालात इतने खराब हैं कि अब वार्डवासियों ने खुली चेतावनी देते हुए तीन दिन में काम शुरू नहीं होने पर नगरपालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करने का ऐलान कर दिया है...
वार्डवासियों द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पार्षद के घर के सामने नाली पर ठेकेदार द्वारा घटिया स्तर का कल्वर्ट निर्माण किया गया था। स्थानीय लोगों ने जब निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तो इंजीनियर ने काम रुकवा दिया, लेकिन इसके बाद महीनों बीत जाने के बावजूद निर्माण दोबारा शुरू नहीं हो पाया,मजबूरी में नाली के ऊपर अस्थायी चिप रख दी गई है, जिससे रोज हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं...
नागरिकों ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान इसी स्थान पर ताजिया रखा जाता है और अखाड़ा भी निकलता है। ऐसे में अधूरा निर्माण और खुली नाली बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। वहीं बारिश शुरू होने से पहले निर्माण पूरा नहीं हुआ तो आसपास की गलियों में जलभराव और आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाएगी...
ज्ञापन में साफ तौर पर कहा गया है कि यदि तीन दिवस के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो 08 जून 2026 को नगरपालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम होगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी।
इस शिकायत की प्रतिलिपि नगरीय निकाय प्रशासन भोपाल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका उपाध्यक्ष और थाना प्रभारी धनपुरी को भी भेजी गई है...
धनपुरी के वार्ड-22 में अधूरा विकास अब जनता के गुस्से में बदलता नजर आ रहा है। सवाल यह है कि आखिर जनता की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन कब जागेगा… या फिर सड़क पर उतरने के बाद ही व्यवस्था हरकत में आएगी...
Comments
Post a Comment