राजधानी भोपाल में सरेआम गुंडागर्दी! गनमैन संग चौराहे पर व्यापारी की पिटाई, 18 लाख की ठगी के बाद भी सवालों में पुलिस कार्रवाई
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में क्या कानून का डर खत्म हो चुका है। यह सवाल बागसेवनियां थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज मामले के बाद उठ खड़ा हुआ है। दिनदहाड़े, सार्वजनिक चौराहे पर एक युवा व्यापारी को गनमैन और साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटा गया, जान से मारने की धमकी दी गई और 18 लाख से ज्यादा की ठगी का आरोप भी सामने आया,लेकिन इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले के अनुसार, फरियादी रोशन राजू आईका, जो बिठ्ठल मार्केट में रेमंड शोरूम का संचालन करता है, का परिचय ठेकेदारी करने वाले प्रवीण कुमार चौरसिया से था। आरोप है कि प्रवीण ने निवेश के नाम पर उससे करीब 18 लाख 10 हजार रुपये लिए और मुनाफे का लालच देकर रकम लौटाने का भरोसा दिया। समय बीतने के बावजूद जब पैसे वापस नहीं मिले, तो फरियादी लगातार संपर्क करता रहा...
30 जनवरी की सुबह प्रवीण ने उसे कुबेर डेयरी के सामने चेक लेने के बहाने बुलाया, वहां पहुंचते ही प्रवीण, उसका गनमैन नारायण और साथी मनीष प्रजापति मौजूद थे। जैसे ही फरियादी ने अपने पैसे मांगे, आरोप है कि गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर तीनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। डंडों से हमला किया गया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया...
घटना राजधानी के व्यस्त इलाके में हुई, जहां गनमैन की मौजूदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि खुलेआम इस तरह की दबंगई के बावजूद सख्त संदेश क्यों नहीं गया? क्या प्रभावशाली लोगों के सामने कानून कमजोर पड़ रहा है...
लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं भोपाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब निगाहें सरकार और पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं। क्या राजधानी में आम नागरिक और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर पाएंगे या बदमाशों का मनोबल यूं ही बढ़ता रहेगा...
Comments
Post a Comment