कागज़ों में कानून, ज़मीन पर दबंग, शहडोल में पुश्तैनी भूमि पर कब्जे का खेल, धमकी और निर्माण जारी...

शहडोल। जिले के बुढ़ार तहसील क्षेत्र से जमीन कब्जे का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम पकरिया में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा यह विवाद अब खुलेआम दबंगई, धमकी और आदेशों की अवहेलना में तब्दील हो चुका है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर न सिर्फ निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
पीड़ित अमरनाथ साहू का कहना है कि ग्राम पकरिया स्थित उनकी पुश्तैनी भूमि खसरा क्रमांक 180/1/1/1/1 पर कुछ लोगों ने मिलीभगत कर अवैध कब्जा कर लिया है। आरोप है कि लल्लू केवट और उसके सहयोगियों ने न तो जमीन का वैध सीमांकन कराया, न नक्शा तरमीम ली और न ही शेष भूमि का कोई भुगतान किया, फिर भी मकान निर्माण धड़ल्ले से जारी है।

मामला यहीं नहीं रुका पीड़ित का दावा है कि जब उसने निर्माण रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि थाना, तहसील और अदालत हमारे साथ है, तुम्हारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। यही नहीं, पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी तक दी गई।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस जमीन को लेकर पहले ही अनुविभागीय अधिकारी द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया,  इससे यह सवाल उठता है कि आखिर दबंगों को इतना संरक्षण कौन दे रहा है। 

पीड़ित ने तहसीलदार और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अवैध कब्जा हटाने, निर्माण कार्य तत्काल रोकने और आरोपियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी दबंगई की भेंट चढ़ जाएगा। जमीन पर चल रही यह लड़ाई अब सीधे कानून की साख से टकरा गई है।

Comments

Popular posts from this blog

हादसों भरा सोमवार: शहडोल जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 की मौत, दर्जनों घायल....

लोकायुक्त रीवा ने रोजगार सहायक को 10 हजार रु लेते किया ट्रैप, रोजगार सहायक चंद्र प्रकाश गुप्ता रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई...