धनपुरी नगरपालिका की अनूठी पहल: कर्मचारियों की कला से संवर रहा नगर, लाखों के राजस्व की हो रही बचत...
शहडोल ।नगरपालिका धनपुरी इन दिनों अपनी एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल को लेकर चर्चा में है। जहां आमतौर पर नगर सौंदर्यीकरण के लिए बाहरी पेंटर या विशेषज्ञ एजेंसियों को लाखों रुपये का भुगतान किया जाता है, वहीं धनपुरी नगरपालिका के कर्मचारियों ने स्वेच्छा से यह जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली है।
नगरपालिका में कार्यरत कर्मचारी नगर की गंदी और बदरंग दीवारों को अपनी कला से संवारकर उन्हें सुंदर पेंटिंग्स में तब्दील कर रहे हैं, जिससे न केवल शहर की सूरत बदल रही है बल्कि नगरपालिका के लाखों रुपये के राजस्व की भी बचत हो रही है।इस पहल की सबसे खास बात यह है कि कर्मचारियों ने इस कार्य के लिए किसी प्रकार का मानदेय या अतिरिक्त राशि नहीं ली है। नगरपालिका द्वारा केवल रंग-रोगन और पेंटिंग की सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके बाद कर्मचारियों ने अपनी कला, समय और मेहनत से नगर की दीवारों को आकर्षक और संदेशात्मक चित्रों से सजाया है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विषयों पर बनी ये पेंटिंग्स लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
नगर के विभिन्न वार्डों में दीवारों पर उकेरी जा रही रंग-बिरंगी कलाकृतियां अब गंदगी और बदरंगपन की जगह सुंदरता और सकारात्मकता का प्रतीक बनती जा रही हैं। स्थानीय नागरिक भी इस बदलाव की खुलकर सराहना कर रहे हैं और इसे नगर के लिए गर्व की बात बता रहे हैं।
यह अभिनव कार्य धनपुरी नगरपालिका अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) पूजा बुनकर के मार्गदर्शन और सानिध्य में किया जा रहा है। सीएमओ पूजा बुनकर ने बताया कि कर्मचारियों की यह स्वेच्छिक पहल न केवल नगर को सुंदर बना रही है, बल्कि सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है।
धनपुरी नगरपालिका की यह पहल अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बन रही है, जहां सीमित संसाधनों में रचनात्मक सोच और जनभागीदारी से बड़े बदलाव संभव हैं।
Comments
Post a Comment