नगर परिषद बकहो में मनमानी का आरोप, इलेक्ट्रिशियन की लापरवाही से जनता परेशान, नपा अध्यक्ष ने कई बार किया पत्राचार...

शहडोल । शहडोल जिले की नगर परिषद बकहो से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर परिषद में पदस्थ एक इलेक्ट्रिशियन की कथित मनमानी से पूरा प्रशासन परेशान नजर आ रहा है। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि वार्डों की अंधेरी गलियों से लेकर परिषद कार्यालय तक शिकायतों का अंबार लगा है, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी पर न तो आदेशों का असर है और न ही पत्राचार का, अब खुद नगर परिषद अध्यक्ष को मोर्चा संभालना पड़ा है और उन्होंने इस लापरवाही को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कई बार पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

नगर परिषद बकहो में पदस्थ एक इलेक्ट्रिशियन की कथित मनमानी और लापरवाही को लेकर नगर प्रशासन में असंतोष खुलकर सामने आ गया है। नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद में पदस्थ इलेक्ट्रिशियन अपने पद और जिम्मेदारियों को गंभीरता से नहीं ले रहा है और मनमर्जी से कार्य कर रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित इलेक्ट्रिशियन  जितेंद्र दहिया को वार्डों में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से कई बार अवगत कराया गया, बावजूद इसके उन्होंने न तो समस्याओं पर ध्यान दिया और न ही उनके निराकरण में रुचि दिखाई। वार्ड पार्षदों द्वारा भी स्ट्रीट लाइट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विद्युत संबंधी शिकायतें लगातार सामने रखी गईं, लेकिन कर्मचारी की उदासीनता के कारण स्थिति जस की तस बनी रही।पत्र में यह भी उल्लेख है कि वार्डों में प्रकाश व्यवस्था की बदहाल स्थिति से आम नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहीं रात्रि में असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार कर्मचारी द्वारा आदेशों और निर्देशों की अनदेखी की जा रही है, जो कि उनके कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है।नगर परिषद अध्यक्ष ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में भी इस प्रकार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन सुधार नहीं हुआ। कर्मचारी द्वारा आदेशों की अवहेलना और कार्य के प्रति अरुचि, मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम एवं कर्मचारी सेवा नियमों के विरुद्ध है।


नगर परिषद अध्यक्ष ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से इस मामले में आवश्यक और कड़ी कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। इस पत्राचार के बाद नगर परिषद के भीतर हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Comments

Popular posts from this blog

हादसों भरा सोमवार: शहडोल जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 की मौत, दर्जनों घायल....

लोकायुक्त रीवा ने रोजगार सहायक को 10 हजार रु लेते किया ट्रैप, रोजगार सहायक चंद्र प्रकाश गुप्ता रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई...