पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल में सोलर साइकिल–25 पर विभागीय सेमिनार, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र...
शहडोल । शहडोल जिले के पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभाग में “सोलर साइकिल–25 एवं उसकी विभिन्न गतिविधियाँ” विषय पर एक भव्य एवं सफल विभागीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में छात्र-छात्राओं ने सौर गतिविधियों एवं स्पेस वेदर से संबंधित विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं पर आधारित अपने शोध पत्रों का प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण कर उपस्थित शिक्षकों एवं विशेषज्ञों को प्रभावित किया, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि विकसित करना तथा अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में वैज्ञानिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा....
कार्यक्रम के शुभ अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु महोदय का विशेष मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के शोध प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शोध-आधारित सेमिनार छात्रों की वैज्ञानिक सोच, विश्लेषण क्षमता एवं नवाचार को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं शोध कार्यों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च स्तरीय अनुसंधान के लिए प्रेरित किया....
सेमिनार के दौरान छात्र-छात्राओं ने सोलर साइकिल–25, सौर ज्वालाओं, कोरोनल मास इजेक्शन (CME) तथा अन्य सौर गतिविधियों पर आधारित अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। सभी प्रस्तुतियाँ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, डेटा विश्लेषण एवं आधुनिक शोध पद्धति पर आधारित रहीं। इस अवसर पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रो. प्रमोद कुमार पांडेय द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने शोध विश्लेषण की विधियाँ, वैज्ञानिक लेखन के महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं शोध समीक्षा की प्रभावी रणनीतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया...
उक्त शोध पत्र विद्यार्थियों द्वारा डॉ. प्रीति पांडेय के मार्गदर्शन में तैयार किए गए। विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के समर्पण एवं शोध कौशल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ....
Comments
Post a Comment