एलएनसीटी ग्रुप ऑफ कॉलेज ने किया गुरुजनों का अभिनंदन, शहडोल में भव्य गुरुद्रोणाचार्य सम्मान समारोह संपन्न...
शहडोल। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गुरुजनों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एलएनसीटी ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा गुरुद्रोणाचार्य सम्मान समारोह का भव्य आयोजन शहडोल स्थित सूर्या इंटरनेशनल होटल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु–शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए समाज के निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका को सम्मानपूर्वक सामने लाना रहा...
समारोह के मुख्य अतिथि पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल के कुलगुरु प्रो. रामशंकर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आनंद रॉय, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने की, विशिष्ट अतिथियों के रूप में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार पांडेय, कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी, अनुपपुर के प्राचार्य प्रो. अनिल सक्सेना तथा डॉ. रचना दुबे (पी.एम. उषा प्रभारी) मंचासीन रहीं,कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ...
एलएनसीटी ग्रुप ऑफ कॉलेज की ओर से जानकी शरण द्विवेदी ने स्वागत उद्बोधन एवं कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की, अपने संबोधन में कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने कहा कि गुरु ही समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही संस्कारित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने गुरुद्रोणाचार्य सम्मान को गुरुजनों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक बताया...
कार्यक्रम अध्यक्ष आनंद रॉय ने शिक्षकों को सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बताते हुए इस सम्मान समारोह की सराहना की। वहीं प्रो. प्रमोद कुमार पांडेय ने गुरु परंपरा को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया। कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी ने कहा कि गुरु सम्मान ज्ञान, अनुशासन और मूल्यों की शिक्षा का सम्मान है।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, निदेशकों एवं शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के लिए गुरुद्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप तिवारी ने किया...
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने शिक्षा जगत में नई ऊर्जा और गुरुजनों के प्रति सम्मान का संदेश दिया....
Comments
Post a Comment