नाबालिग लड़की को अमलाई पुलिस व साइबर सेल की मदद से दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा, बच्ची को पाकर परिजन हुए भावुक..
@shubhangi.namdeo✒️
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव से नवरात्रि के दौरान लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को अमलाई पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल लौटने पर परिवार ने अमलाई पुलिस व साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के दौरान गिरवा निवासी 17 वर्षीय किशोरी अपने एक मित्र के साथ बिना किसी को बताए वैष्णो देवी दर्शन के लिए रवाना हो गई थी। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल अमलाई थाना पहुंचकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई, मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहडोल साइबर सेल की सहायता से बच्ची की लोकेशन ट्रेस की और उसे सुरक्षित दस्तयाब कर शहडोल लाया गया। इसके बाद बच्ची को सभी कानूनी औपचारिकताओं के साथ परिजनों को सौंप दिया गया।बच्ची को पाकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने राहत की सांस ली। परिवार ने अमलाई पुलिस की तत्परता और सजगता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
अमलाई थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने कहा कि नाबालिगों से जुड़ी घटनाओं को हम गंभीरता से लेते हैं और हर संभव प्रयास करते हैं कि समय रहते बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जाए।
Comments
Post a Comment